
मंडी। शहर के अप्पर मंगवाईं मोहल्ला से छात्र के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। 15 वर्षीय शिवम घर से स्कूल के लिए निकला था, लेकिन शाम को घर वापस नहीं लौटा। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिवम पुत्र बृज लाल मोहल्ला अप्पर मंगवाईं शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर से स्कूल के लिए निकला था, लेकिन वह स्कूल ही नहीं पहुंचा। छात्र शाम को भी घर वापस नहीं आया। शिवम आर्य समाज मंडी में पढ़ता है। शनिवार को पिता बृज लाल ने सिटी चौकी मंडी में शिवम के अपहरण की शिकायत दर्ज करवाई है। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए सीटी चौकी प्रभारी चेत सिंह भंगालिया ने बताया कि शिकायत पर भादंसं की धारा 364 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
