
बिलासपुर। भाखड़ा विस्थापितों के लिए अच्छी खबर है। प्लॉट आवंटन में छूटे लोगों को जल्द ही प्लॉट मिल जाएंगे। इसके लिए प्रशासन ने मुहिम छेड़ दी है। लगभग 364 लोगों की लिस्ट फाइनल करते हुए प्लाटों की निशानदेही का कार्य पूरा कर लिया गया है।
निहाल सेक्टर में लगभग 200 प्लॉट इसी महीने आवंटित हो जाएंगे।
नलवाड़ी मेले में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसके बारे में प्रशासन को आदेश दिए थे। ‘अमर उजाला’ ने भी लगातार सात दिन तक विस्थापितों की समस्याएं उजागर की थीं।
प्रशासन ने मसले को गंभीरता से लिया है। प्लाट देने के साथ ही कब्जों को नियमित करने के बारे में पॉलिसी बनाने का कार्य भी तेजी से करने की प्रशासन ने बात कही है। एक-दो महीने में पॉलिसी बनाकर राज्य सरकार को भेजी जाएगी।
वर्तमान में भाखड़ा विस्थापितों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कइयों को प्लाट मिले तो कइयों को नहीं। उस समय एक परिवार को प्लॉट तो मिले लेकिन आज परिवार बढ़ गए हैं। आलम यह है कि महज 1800 वर्ग फुट के प्लॉट पर कहीं पांच-पांच तो कहीं सात-सात परिवार रह रहे हैं।
‘अमर उजाला’ ने इसी महीने अभियान चलाते हुए विस्थापितों का दर्द साझा किया। लगातार सात दिनों तक विस्थापितों की समस्याओं को उठाते हुए लोगों की आवाज सरकार तक पहुंचाई गई। अभियान कुछ हद तक रंग भी लाया है। प्रशासन ने जल्द समस्या के समाधान के संकेत दिए हैं। उपायुक्त डा. अजय शर्मा ने बताया कि अवैध कब्जों के बारे में पॉलिसी बनाई जा रही है। इसमें और तेजी लाई जाएगी। एक-दो महीने के भीतर पॉलिसी तैयार कर राज्य सरकार को भेजी जाएगी। जिन्हें प्लाट नहीं मिले हैं, उनको जल्द प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इसके बारे में नलवाड़ी मेले के दौरान निर्देश दिए थे। इस पर अमल किया जा रहा है। लगभग 200 प्लॉट चिह्नित किए जा रहे हैं। शेष बचे लोगों के लिए जगह का चयन किया जा रहा है। विद्युत बोर्ड ने भी बिजली लाइन की मरम्मत की बात कही है। बोर्ड के अधिशासी अभियंता ओपी चंदेल ने कहा कि शहर की बिजली लाइन की रिपेयर की जाएगी। डिवीजन में दस नए ट्रांसफार्मर की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है।
