
बिलासपुर। जिले के युवाओं को रोजगार का मौका मिलेगा। सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बददी में स्थित एमएस ओकाया पावर लिमिटेड कंपनी 300 युवाओं को हेल्पर पद पर रोजगार प्रदान करेगी। इसके लिए कंपनी की ओर से कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार में उत्तीर्ण रहने वाले चयनित युवा को नौकरी मिलेगी।
कंपनी की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं में साक्षात्कार होंगे। 14 मई को सुबह 10 बजे होने वाले साक्षात्कार में पात्र युवा भाग ले सकते हैं। कंपनी की ओर से हेल्पर पद को भरने के लिए शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास रखी गई है। साक्षात्कार में 18 से 35 वर्ष की आयु तक के युवा ही पात्र होंगे। साक्षात्कार में महिला अभ्यर्थी पात्र नहीं होंगी। साक्षात्कार में चयनित होने वाले युवाओं को कंपनी द्वारा 5500 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। साक्षात्कार में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी को अपने साथ शैक्षणिक दस्तावेज, हिमाचली स्थायी प्रमाण पत्र, तीन फोटो, सत्यापित शैक्षणिक दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा। साक्षात्कार में भाग लेने के लिए युवाओं को किसी भी प्रकार का टीए और डीए नहीं दिया जाएगा।
जिला रोजगार कार्यालय में कार्यरत सांख्यिकी सहायक इंद्रजीत वर्मा ने कहा कि निजी कंपनी की ओर से उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा इस दौरान तीन सौ युवाओं को हेल्पर पद पर नौकरी दी जाएगी।
