
चंबा। जिला अस्पताल में एक मरीज शराब पीकर स्टाफ पर हावी हो गया। जमकर उत्पात मचाने के बाद भी जब शराबी मरीज नहीं माना तो अस्पताल प्रशासन को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। इससे पूर्व भी शराबी कई बार अस्पताल में आकर हुड़दंग मचा चुके हैं। यही नहीं एक मरीज तो यहां से गायब भी हो गया था।
इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पहरा कड़ा करने की बात कही थी। लेकिन शुक्रवार को टल्ली मरीज ने इन सब दावों की पोल खोलकर रख दी। वार्ड नंबर दो में दाखिल एक मरीज ने शराब के नशे में खूब हुड़दंग मचाया। वार्ड में विवाद इतना बढ़ गया कि अन्य मरीज भी पूरी रात नहीं सो पाए। यहीं नहीं इस मरीज ने स्टाफ नर्सों को भी खूब तंग किया। होमगार्ड के जवानों ने शराबी मरीज को काबू करने की पूरी कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने उसका मेडिकल करवाकर रपट दर्ज कर ली है। मरीज ने कब शराब पी और कब अस्पताल से बाहर गया इसकी जांच की जा रही है। एमएस डा. विनोद शर्मा ने बताया कि मरीज को छुट्टी दे दी है। बताया कि शराब पीकर हुड़दंग मचाने बारे उन्हें शिकायत मिली है। तमाम नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा। लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
