महिलाओं ने शराब पकड़ी, जुआरियों को भगाया

कोटखाई (शिमला)। कोटखाई के गरावग में ढाबों में अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ महिलाओं ने अभियान छेड़ दिया है। गरावग पंचायत के शांऊ गांव की महिलाओं ने शुक्रवार को एक ढाबे में धोवा बोलकर न केवल शराब की 17 बोतलें बरामद कीं, बल्कि यहां जुआ खेल रहे लोगों को भी भगाया। महिला मंडल प्रधान पुष्पा, उपप्रधान विद्या, सचिव रीना देवी और गुड्डी देवी ने कहा कि गरावग में लंबे समय से ढाबों में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। लेकिन, न तो पुलिस कोई कार्रवाई कर रही है और न ही प्रशासन। जबकि स्कूल के नजदीक शराब बेचे जाने से बच्चों पर भी बुरा असर पड़ रहा है। वहीं ढाबों में दिन में सरेआम जुआ खेला जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की ढील के कारण ही यह सब हो रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जब महिलाएं शराब पकड़ने ढाबे में गईं तो बुलाने पर भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे पुलिस की ढाबे वालों से मिलीभगत की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में यहां के ढाबा मालिकों के खिलाफ इस तरह के अवैध धंधे करने पर कार्रवाई नहीं हुई तो महिलाएं उग्र प्रदर्शन करेंगी।
उधर, डीएसपी ठियोग सागर चंद्र ने कहा कि नया एक्साइज एक्ट आया है। इसमें आबकारी एवं कराधान विभाग स्वयं शराब के मामले पकड़ सकता है। पुलिस शराब पकड़ेगी या नहीं, इसके बारे में कोई दिशा निर्देश नहीं है।

Related posts