सभी डीपीईज को मिले पीजीटी पदनाम

रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश डीपीईज संघ का प्रतिनिधिमंडल राज्य योजना विकास के चेयरमैन रामलाल ठाकुर से मिला। इस दौरान संघ के प्रेस सचिव संजय नेगी की अध्यक्षता में मिले प्रतिनिधिमंडल ने सभी डीपीईज को पीजीटी पदनाम देने की मांग उठाई। डीपीईज संघ के प्रेस सचिव संजय नेगी ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में कार्यरत तीन सौ डीपीईज को पीजीटी का पदनाम दिया जा चुका है, लेकिन नौ सौ शिक्षकों को इससे वंचित रखा गया है। इसके चलते ये शिक्षक उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एमए शारीरिक शिक्षा एवं एमपीएड किए शिक्षकों को ही पीजीटी पदनाम देना उचित नहीं है। इस दोहरे मापदंड को समाप्त करने के लिए सरकार बीपीएड और डीपीएड शिक्षकों को भी पीजीटी पदनाम दे। राज्य योजना विकास के अध्यक्ष ने शिक्षकों को आश्वासन दिया कि इस मांग को प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। राज्य योजना विकास अध्यक्ष से मुलाकात करने के बाद शिक्षक अतिरिक्त शिक्षा निदेशक एसबी शेखरी और संयुक्त निदेशक डा. एमएस नेगी से भी मिले और उनको अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। इस प्रतिनिधिमंडल में एसएस नेगी, चंद्र बदरेल, सुभाष रांझा समेत कई शिक्षक शामिल थे।

Related posts