पंचायत को जल्द मिलें लाडा के 40 लाख

रामपुर बुशहर। क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरपारा में रंगाराजू कंपनी की ओर से बनाए गए बिजली प्रोजेक्ट द्वारा पंचायत में लाडा की राशि जमा न करवाने के विरोध में एक प्रतिनिधिमंडल तहसीलदार से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार और उपायुक्त शिमला को ज्ञापन भेजा। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि प्रोजेक्ट में एक साल से बिजली बन रही है। लेकिन, इसकी एक फीसदी राशि भी आज तक पंचायत में जमा नहीं की गई है। पंचायत प्रधान वीना परमार का कहना है कि नियम अनुसार प्रोजेक्ट के निर्माण के दौरान ही लाडा की राशि जमा करवानी पड़ती है। लेकिन, यहां तो प्रोजेक्ट बन कर तैयार हो गया है और एक साल से बिजली का निर्माण भी किया जा रहा है। लेकिन, प्रोजेक्ट प्रबंधन ने अभी तक लोगों का हक उन्हें नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि लाडा का पैसा पंचायत के विकास के लिए खर्च होता है। लेकिन, कंपनी को बार-बार कहने पर भी आज तक लाडा का पैसा जमा नहीं हो पाया। यह राशि चालीस लाख के करीब है। उन्होंने कहा कि इस बारे में पंचायत में प्रस्ताव पास कर तहसीलदार के माध्यम से उपायुक्त शिमला को भेजा गया है। इसमें मांग की गई है कि पंचायत को जल्द से जल्द लाडा की राशि मुहैया करवाई जाए तथा कंपनी के कुल बिजली के मुनाफे का एक फीसदी भी दिलाया जाए। इस अवसर पर वार्ड सदस्य संगीता देवी, कला, भाग देवी, कृष्णा देवी, मोहन सेठ सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Related posts