
कोटखाई (शिमला)। कोटखाई के शवाल में आयोजित मेले के आखिरी दिन माता पुजेली के दर्शन को भारी जनसैलाब उमड़ा। दूर-दूर से पहुंचे लोगों ने जहां मां के चरणों में माथा टेककर सुख शांति का आशीर्वाद लिया, वहीं देवलुओं की नाटी का लुत्फ भी उठाया।
सुबह माता दुर्गा पुजेली पालकी में सवार होकर मेला मैदान पहुंचीं। मेला कमेटी के सदस्यों और अन्य लोगों ने गाजे-बाजे के साथ झूमते हुए मेला मैदान का चक्कर लगाया। इसके बाद देवी की पूजा अर्चना शुरू हुई। इस दौरान मां के मंदिर में लोगों ने भेंट चढ़ाई और बदले में सुख शांति का आशीर्वाद लिया। देव कारिंदों की ओर से लोगों को मां के आशीर्वाद के तौर पर फूल दिए गए। दिन भर यहां नाटी का दौर चला। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने नाटी की शुरू की। लोगों ने ओरो तो दे मेरे डांगरू, छोए फुटो रा तख्ता, कुल्लू रे नेगीया लोछी रामा.. आदि गीतों पर जमकर नाटी डाली। आखिर दिन लोगों ने खरीदारी भी खूब की, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए। कारदार रमेश टाहु, भंडारी सीता राम तथा गोविंद ने बताया कि इस बार भी मेला हर्षोल्लास से मनाया गया और लोगों ने मेले का जमकर आनंद उठाया।
