बीपीएल सूची में मनमानी का आरोप

पांवटा साहिब (सिरमौर)। गिरीपार की ग्राम पंचायत बांदली की ग्रामसभा में बीपीएल सूची में मनमानी का आरोप लगाया है। निर्धनों को दरकिनार कर अमीरों को सूची में शामिल किया गया है। इसके बारे में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम पांवटा को शिकायत पत्र सौंपा है। इसमें मामले की जांच का आग्रह किया है। बांदली निवासी रतन सिंह, बालो देवी, गुलाबी देवी, चमको, सुरेश, ग्यार सिंह, लायक राम, चंदर सिंह, फकीर चंद, शावणू राम, धर्म सिंह, भगत सिंह, फिशकू राम, रमेश तथा मदन ने कहा कि ग्रामसभा की बैठक में कुछ प्रतिनिधियों ने अपनी मनमर्जी की है। गरीबी रेखा से (बीपीएल) नीचे रहने वाले लोगों को सूची से हटा दिया गया। गांव के पात्र निर्धन लोगों तथा विधवा औरतों में इससे नाराजगी है। अब सस्ता राशन तथा बच्चों की शिक्षा और पालन पोषण की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों ने एसडीएम से आग्रह किया है कि सरकार द्वारा निर्धन गरीबों को दी जा रही स्कीमों से दूर रखा जा रहा है। लखपति तथा तीन मंजिला पक्के भवन मालिकों को इस सूची में शामिल करने का वे कड़ा विरोध करते हैं। इसलिए बांदली पंचायत के इस मामले की उचित जांच कर पात्रों को सूची मेें शामिल करने की मांग रखी गई है। शिकायत सही पाए जाने पर मनमानी करने वाले चयनित प्रतिनिधियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए।
उधर, एसडीएम पांवटा श्रवण मांटा ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। एसडीएम ने कहा कि शिकायत मिली है, इसकी जांच की जाएगी।

Related posts