
सरकाघाट (मंडी)। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि मंडी लोकसभा उप चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है। पार्टी कार्यकर्ता भाजपा के उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए कमर कस लें। स्थानीय बचत भवन में सरकाघाट भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सत्ती ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के चार महीने में विकास के नाम पर केवल कोरी घोषणाएं करके प्रदेश के लोगों से छल किया है, जबकि जमीन पर कोई भी घोषणा खरी नहीं उतरी है। सरकाघाट मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए सत्ती ने कहा कि पार्टी प्रत्याशी की जीत उनकी ईमानदार छवि और भाजपा सरकार के द्वारा करवाए गए विकास कार्यों की देन है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही सही मायने में पार्टी की रीढ़ हैं। हर क्षेत्र में उनका सम्मान होना चाहिए। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के साथ झूठे वादे करके सत्ता में आई है, मगर अब सरकार ने समाज के हर वर्ग को छला है। प्रदेश सरकार बेरोजगारी भत्ते के नाम पर बेरोजगार युवाओं से धोखा कर रही है, जबकि कर्मचारियों के अंधाधुंध तबादले कर रही है। इस अवसर पर सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने क्षेत्र के संगठनात्मक ढांचे की जानकारी दी। इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, संगठन मंत्री पवन राणा, भाजपा जिला सुंदरनगर के अध्यक्ष राकेश जम्बाल, महामंत्री दलीप ठाकुर, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत ठाकुर व जिला परिषद सदस्य सरोज धूमल आदि मौजूद थीं।
