
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में अभी कोसों दूर है। आलम यह है कि तहसील मुख्यालय में बस स्टैंड की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिनों-दिन बढ़ रही वाहनों की संख्या के चलते यहां बस स्टैंड की जरूरत है।
सरकारें चाहें किसी की भी राजनीतिक दल से रही हो। झंडूता क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने के नाम पर महज आश्वासन ही मिले। अभी तक इसके लिए कोई पहल नहीं हुई। झंडूता में मौजूदा समय में सैकड़ों छोटे-बडे़ वाहन पहुंच रहे हैं। कई बार यहां जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है। वाहनों की लंबी कतारों के कारण कई बार अस्पताल को मरीज लेकर जा रहे लोगों को भी दिक्कतोें का सामना करना पड़ रहा है। इलाकावासी प्रकाश कपिल, श्याम सिंह परमार, सतपाल चंदेल, मस्त राम, बलवीर चंदेल, अनिल, दिनेश, सुरेश, नरेश, विक्रम, आेंकार सिंह, बुद्धि सिंह, किशोरी लाल, राम लाल, मनसा राम, कश्मीर सिंह, राजेंद्र कुमार ने बताया कि झंडूता में बस स्टैंड के नहीं होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इलाके के लिए पहुंचने वाली बसों को यहां पार्क करने की सुविधा उपलबध नहीं है। इससे अकसर यहां जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। ट्रैफिक जाम के कारण पैदल चलने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि झंडूता में बस स्टैंड का निर्माण किया जाए। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक योग राज ठाकुर ने कहा कि झंडूता में बस स्टैंड निर्माण संबंधी कोई प्रस्ताव नहीं है। भविष्य में इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।
