
बिलासपुर। गरमी के मौसम में पानी का दुरुपयोग करने वालों की खैर नहीं है। आईपीएच विभाग ने ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने के लिए मुहिम छेड़ दी है। टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचने वालों पर शिकंजा कसते हुए विभाग ने डियारा सेक्टर में दो लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की है। टुल्लू पंप जब्त करने के साथ ही विभाग ने उनके कनेक्शन भी अस्थाई रूप काट दिए हैं।
गरमी के मौसम में पानी की समस्या अक्सर सिर उठाती रहती है। भले ही पेयजल स्रोतों का जलस्तर गिरना इसका मुख्य कारण रहता है। कुछ लोग पानी का दुरुपयोग करके इस समस्या को और अधिक गंभीर बना देते हैं। पाइप लाइन के साथ सीधे टुल्लू पंप जोड़कर कुछ लोग अपने लिए तो पानी का भरपूर भंडारण कर लेते हैं। इसकी वजह से अन्य लोगों के घरों में लगे नल सूखे ही रह जाते हैं। लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ता है।
बुधवार सुबह छह बजे पानी की आपूर्ति के समय आईपीएच के सहायक अभियंता सुखराम चौधरी व कनिष्ठ अभियंता रमेश चंद शर्मा की अगुवाई में एक टीम ने शहर का दौरा किया। औचक निरीक्षण के दौरान डियारा सेक्टर में दो स्थानों पर सीधे नलों पर लगे टुल्लू पंप जब्त करने के साथ ही पानी के कनेक्शन भी अस्थाई रूप से काट दिए।
एसडीओ सुखराम चौधरी ने कहा कि नल से सीधे टुल्लू पंप लगाना गैरकानूनी है। साथ ही टंकियों से पानी ओवरफ्लो होने से रोकने के लिए उनमें फ्लोट वाल्व लगाना अनिवार्य है। यदि ऐसे मामले पकड़े गए तो बगैर किसी नोटिस से कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
