
सराहां (सिरमौर)। थाना पच्छाद के तहत आने वाली पंचायत नारग के अजगा गांव की एक लड़की ने अपने चाचा पर उसके साथ बदनीयत से पेश आने की शिकायत की है।
लड़की ने पुलिस में की गई एक शिकायत के माध्यम से बताया है कि उसके रिश्ते में लगने वाले चाचा ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया है। पुलिस ने फिलहाल इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लड़की के चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी राजगढ़ बीएस बरागटा ने बताया है कि आरोपी के खिलाफ धारा 341 तथा 354 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
इससे पूर्व थाना पच्छाद से मिली जानकारी के अनुसार अजगा गांव की एक लड़की ने शिकायत करते हुए बताया कि वह बीती बुधवार को अपने पशुओं को लेकर जंगल में गई थी। तभी उसका चाचा बद्री दत्त जंगल में उसे अकेले देखकर छेड़खानी करने लगा। चाचा की नीयत को भांपते ही लड़की जंगल से भाग निकली। लड़की ने बाद में पूरे घटनाक्रम की जानकारी घर वालों को दी। बाद में घरवालों की मदद से लड़की ने इस मामले की शिकायत थाना पच्छाद में दर्ज करवा ली। डीएसपी राजगढ़ बीएस बरागटा ने बताया कि मामले की तहकीकात पच्छाद थाना प्रभारी बलवीर सिंह को सौंपी गई। पुलिस इस मामले में आरोपी की गहनता से तलाश कर रही है।
