25 रुपये वाली छोले-भटूरे की प्लेट 30 में

शिमला। राजधानी में पर्यटकों की आमद बढ़ने के साथ ही कुछ कारोबारियों ने लूट-खसूट शुरू कर दी है। शहर में छोले-भटूरे की प्लेट के दाम में पांच रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। सभी नियमों को ताक पर रख कर कुछ कारोबारी 25 की प्लेट के 30 रुपये वसूल रहे हैं।
जिला प्रशासन ने मार्च माह में ही कारोबारियों की मांग पर खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ाए थे। इस दौरान छोले भटूरे की प्लेट का दाम 22 से बढ़ाकर 25 रुपये किया गया था। लेकिन, पर्यटक सीजन शुरू होते ही कारोबारियों ने मनमानी शुरू कर दी है। मोहाली से शिमला आए रमनजीत सिंह और उनके परिवार के सदस्यों रंजना सिंह, प्रभजोत सिंह और अक्षत सिंह ने बताया शिमला के कारोबारी पर्यटकों से अधिक वसूली कर रहे हैं।
उनके सामने स्थानीय लोगों से छोले-भटूरे के कम पैसे लिए तथा हमसे प्रति प्लेट पांच रुपये अधिक वसूल लिए। दिल्ली के पंकज ने बताया कि माल रोड पर एक दुकान में उन्होंने छोले-भटूरे की प्लेट के 30 रुपये चुकाए। दुकान में रेट लिस्ट पर भी 30 रुपये प्रति प्लेट दाम दर्शाए गए हैं।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक रमेश गंगोत्रा ने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभागीय कर्मचारी मौके पर जाकर जायजा लेंगे।

Related posts