हाटेश्वरी मंदिर के सुरक्षा कर्मी पर हमला

मंडी। बल्ह थाना क्षेत्र अंतर्गत बग्गी के समीप प्रसिद्ध मां हाटेश्वरी मंदिर में कुछ युवकों ने सुरक्षा कर्मी की पिटाई कर दी। मारपीट करने वाले युवक शादी समारोह में आए थे। मंदिर कमेटी ने बल्ह थाना पुलिस को मारपीट की शिकायत कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शादी समारोह में आए कुछ युवकों ने मंदिर के सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट कर दी। मंदिर कमेटी का आरोप है कि युवकों ने पहले शराब पी। उसके बाद आपस में झगड़ा कर गाली गलौच करने लगे। मंदिर में तैनात सुरक्षा कर्मी ललित ठाकुर ने जब ऐतराज जताया तो झगड़ा कर रहे इन युवकों ने सुरक्षा कर्मी की पिटाई कर डाली। इस घटना की सूचना मिलते ही मंदिर कमेटी के सदस्यों ने पुलिस को सूचित कर मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। मंदिर कमेटी के प्रधान नंद लाल ठाकुर व सचिव सोहन सिंह ठाकुर ने बताया कि कमेटी ने मंदिर में शराब पीने पर पाबंदी लगा रखी है, मगर कुछ शरारती तत्व कानून का उल्लंघन कर मंदिर का माहौल खराब करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट की कड़े शब्दों में निंदा की है। डीएसपी मंडी आशीष शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मंदिर कमेटी की ओर से सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट करने की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts