सधोट पंचायत के आठ गांवों में पेयजल संकट

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल की सधोट पंचायत के अंतर्गत आठ गांवों में सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति न होने के कारण ग्रामीणों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गांव के लोगों को करीब दो किलोमीटर दूरी से पानी ढोकर लाना पड़ता है। आठ गांवों में पेयजल आपूर्ति करने के लिए विभाग की ओर से एक वाटर गार्ड तैनात किया गया है।
सधोट पंचायत के मोरतन, बाहरू, धनराशि, कटेहड़ा, जोल, आचार्य बस्ती, सधोट-एक व दो व जटगहरा गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए विभाग की ओर से एक वाटर गार्ड तैनात किया गया है, जोकि बीमार रहता है। गांवों की आबादी व भौगोलिक दृष्टि से एक वार्ड के सहारे पेयजल आपूर्ति करना संभव नहीं है। इस कारण ग्रामीणों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। सुचारू रूप से पानी की आपूर्ति न होने से ग्रामीणों को करीब दो किलोमीटर दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
पंचायत उप प्रधान कुलदीप ठाकुर, बलवीर सिंह, यशवंत सिंह, परमानंद, प्रकाश चंद, धर्मचंद व रणवीर सिंह का कहना है कि पेयजल समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं की गई तो उन्हें संघर्ष करने को बाध्य होना पड़ेगा।
इस बारे में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता बीएस राणा का कहना है कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से की जाएगी ताकि गांव के लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

Related posts