
रिवालसर (मंडी)। जाहू-कलखर-नेरचौक मार्ग पर कलखर के समीप बजीर बावड़ी नामक स्थान पर एक आटो सड़क से करीब 100 मीटर नीचे लुढ़क गया। इस हादसे में आटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आटो रिक्शा एचपी 66-1548 जाहू से नेरचौक जा रहा था। अचानक बजीर बावड़ी मोड़ पर सड़क से नीचे लुढ़क गया। इसमें सवार केसर सिंह निवासी लूणापानी नेरचौक गंभीर रूप से घायल हो गया। बेहोशी की हालत में स्थानीय लोगों ने घायल को रात को ही 108 एंबुलेंस की सहायता से क्षेत्रीय अस्पताल मंडी पहुंचाया। इधर, घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी मंडी आशीष शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है।
