
मंडी। शहर में बंदराें ने लोगाें पर हमले शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को शहर के जेल रोड में बंदराें के एक झुंड ने महिला पर हमला कर दिया। महिला घर पर बाहर कपड़े धो रही थी। अचानक चार बंदर उस पर छपट पड़े। हमलावर बंदर इस कद्र उत्तेजित थे कि आसपास मौजूद इस घटना को देख रहे लोग अकेले महिला को छुड़ाने का साहस नहीं जुटा सके। घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया है।
बंदरों के इस हमले से शहर के लोग खौफजदा हैं। शहर के हर वार्ड में बंदरों के झुंड डेरा जमाए रहते हैं। मौका मिलने पर लोगों पर धावा बोल रहे हैं। बंदराें ने महिला पर छपट कर उसके सिर पर दांत गड़ा दिए। इससे महिला के सिर पर दो गहरे जख्म भी बन गए हैं। चंचल ठाकुर पत्नी जितेंद्र कुमार निवासी जेल रोड शुक्रवार सुबह के समय कपड़े धो रही थी। इसके बाद किसी तरह बड़ी मुश्किल से वह जान बचाकर घर के अंदर भागी, लेकिन बंदराें का गुस्सा इतने में भी नहीं थमा तथा कुछ देर तक दरवाजे के बाहर उत्पाद मचाते रहे। स्थानीय निवासी सुरेंद्र के अनुसार बंदराें ने अचानक हमला कर दिया। उधर, घायल महिला को एंटी रैबीज के चार इंजेक्शन लगेंगे, जिन्हें तीन-तीन दिन के अंतराल पर लगवाने की चिकित्सकों ने हिदायत दी है।
