युवाओं को ‘ब्रह्मास्त्र’ बनाएगी भाजपा

बिलासपुर। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा पूरी तैयारी और दमखम के साथ मैदान में उतरने वाली है। युवा ब्रिगेड को चुनाव में एक तरह से ‘ब्रह्मास्त्र’ बनाया जाएगा। लोकसभा चुनाव से पहला भाजपा की यूथ ब्रिगेड इसके लिए विशेष रणनीति तैयार करेगी। केंद्रीय, राज्य और जिला स्तर पर युवा मोर्चा के नए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जरूरी टिप्स देने के लिए अभ्यास वर्गों का आयोजन होगा। यानी युवाओं को चुनावी समर में अपने पक्ष में हवा बनाने के लिए ट्रेंड किया जाएगा। इसी महीने केंद्र और राज्य स्तर के पदाधिकारियों की बैठक बुलाकर लोस चुनाव को योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से स्वयं ही चुनाव लड़ने का ऐलान भी कर डाला।
बिलासपुर दौरे पर आए भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने यह खुलासा किया है। अनुराग ठाकुर ने ‘अमर उजाला’ के साथ युवा मोर्चा की भावी रणनीति को सांझा किया। अनुराग ठाकुर कहते हैं देश में 65 प्रतिशत युवाओं की संख्या है। युवा मोर्चा लोकसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाएगी। इसके लिए पहले युवाओं को पार्टी की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। चुनाव को लेकर बाकायदा केंद्रीय, राज्य और जिला स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। अभी राज्यों में नए पदाधिकारियों की नियुक्तियां हो रही हैं। संगठनात्मक डांचा पूरी तरह से तैयार होने के बाद केंद्रीय स्तर पर बड़ी बैठक का आयोजन होगा। इसके बाद राज्य और फिर जिला स्तर पर भी ऐसी ही बैठकों का आयोजन किया जाएगा। एक सवाल पर वह बोले कि हमीरपुर संसदीय सीट पर वह फिर चुनाव लडे़ंगे। उनके दौरों को भी चुनावी तैयारियों से जोड़कर ही देखा जा रहा है।

Related posts