खज्जियार में हेली टैक्सी सेवा सात से

चंबा। खज्जियार में सात मई को हेली टैक्सी सेवा शुरू की जा रही है। यह प्रदेश में पहली हेली टैक्सी सेवा है। राजीव सहगल ने बताया कि खज्जियार में एक निजी रिजॉर्ट में हेलीपैड का निर्माण किया गया है। हेलीपैड का निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण यह सेवा पिछले साल शुरू नहीं हो पाई थी। इस सेवा को चलाने का मुख्य उद्देश्य चंबा को पर्यटन की दृष्टि से बढ़ावा देना है। जिला प्रशासन ने इस कार्य को सफल बनाने में बहुत सहयोग किया है। जिला चंबा भौगोलिक दृष्टि से काफी पिछड़ा हुआ है, इसी कारण यहां पर हेली टैक्सी सेवा की पहल की जा रही है। इससे चंबा के लोगों को काफी फायदा पहुंचेगा। इस सेवा से पांगी वेली और जेएंडके के लोगों को भी लाभ मिलेगा। किराया नार्मल ही रखा गया है। अक्तूबर के महीने में साच पास बंद होने के कारण पांगी के लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। अक्तूबर माह में किलाड़ से भंजराडू के लिए हेली टैक्सी सेवा शुरू की जा सकती है। चंबा के मिंजर मेले के दौरान भी इस सेवा को शुरू किया जा सकता है। इस सेवा को चलाने में तीन लोगों की भागीदारी है। अगर भविष्य में जरूरत पड़ी तो सोसाइटी भी बनाई जा सकती है। मणिमहेश यात्रा के दौरान हेली टैक्सी सेवा में भरमौर से गोरीकुंड तक 6 से 8 हजार रुपए लिए जाते हैं। यह किराया बहुत ज्यादा है। खज्जियार में शुरू होने वाली हेली टैक्सी में तीन-चार मिनट की फ्लाइट का यात्रियों से 1500 से 2000 रुपए किराया लिया जाएगा। अभी खज्जियार में एक हेलिकाप्टर 24 घ्ंाटे मौजूद रहेगा।

Related posts