
चंबा। भूकंप के कारण क्षतिग्रस्त हुए स्कूल भवनों को अनसेफ घोषित किया जा सकता है। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जानकारी के मुताबिक हाल ही में हुए भूकंप के झटकों के कारण जिला के कई स्कूल भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस कारण स्कूली बच्चों को खुले आसमान तले पढ़ाई करनी पड़ रही है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुशील पुंडीर ने स्कूल मुखिया को निर्देश दिए हैं कि जल्द क्षतिग्रस्त भवनों की रिपोर्ट शिक्षा विभाग के पास भेजें। उन्होंने कहा कि जो भवन अनसेफ होंगे, उन भवनों को गिराया जाएगा। इसके अलावा जिन स्कूल भवनों को कम क्षति पहुंची है, उनकी मरम्मत के लिए उचित बजट मुहैया करवाया जाएगा। सूत्रों की मानें तो भूकंप के कारण जिला के आधा दर्जन के करीब स्कूल भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इनमें राजकीय प्राथमिक पाठशाला फाटी और डियूर में भूकंप के कारण स्कूल की दीवारों में दरारें आ गई हैं। इसके अलावा प्लास्टर भी उखड़ गया है। स्कूल भवन क्षतिग्रस्त होने के कारण बच्चों की पढ़ाई खुले आसमान तले हो रही है। बहरहाल शिक्षा विभाग की ओर से जिला भर के स्कूलों से भूकंप के कारण हुए नुकसान की रिपोर्ट मांगी है।
