
चंबा। जिला अस्पताल के कई वार्डों और आपरेशन थियेटर में शुक्रवार को पानी नहीं आया। इस कारण उपचाराधीन मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। हालत यह रही कि आपरेशन थियेटर में पानी न होने के कारण आपरेशन में प्रयोग होने वाले उपकरण भी उबाले नहीं जा सके। इस कारण अस्पताल में आपरेशन नहीं हो पाए हैं। पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए अस्पताल प्रशासन ने आईपीएच विभाग को भी सूचित किया। कर्मचारी भी समस्या का हल करने के लिए लगे रहे, मगर पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। पानी के बिना अस्पताल में उपचाराधीन 200 के करीब मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, तीमारदार की ओर से भी एमएस को समस्या बारे अवगत करवाया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में पानी की पाइपें ब्लाक हैं। इस कारण कई वार्डों में पानी नहीं आ रहा है। टैंक में पानी पर्याप्त मात्रा में है, मगर नलों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं, तीमारदार दुनी चंद, राकेश कुमार, ओम प्रकाश और दीप राज ने बताया कि अस्पताल के वार्डों में पेयजल आपूर्ति ठप पड़ गई है। उन्हाेंने बताया कि नलों में पानी न होने के कारण मरीजों को प्यासे रहना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर एमएस को अवगत करवा दिया है। वहीं, एमएस डा. विनोद शर्मा ने बताया कि समस्या का हल करने को लेकर आईपीएच विभाग को सूचित कर दिया है। जल्द ही समस्या का हल कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आपरेशन थियेटर में पानी न होने के कारण शुक्रवार को आपरेशन नहीं हो पाए हैं। आपरेशन करने के तमाम उपकरणों को उबाला जाना था। ओपीडी वार्ड में पेयजल किल्लत का समाधान कर दिया गया है।
