
चंबा। जिला अस्पताल में उपचाराधीन एक मरीज ने वीरवार रात साल नाले में छलांग लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार नेक सिंह पुत्र चैन लाल 52 वर्ष निवासी मुगला अस्पताल में 1 मई को उपचार करवाने के लिए दाखिल हुआ था। 2 मई को मरीज रात 11 बजे के करीब बेड से उठकर वार्ड से बाहर चला गया। इस दौरान उसकी पत्नी ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकि न वह नहीं रुका। इसके बाद नर्स सेवा कक्ष में सेवाएं दे रही नर्स ने होमगार्ड के जवानों को सूचित किया। होमगार्ड के जवानों ने भी मरीज को रोकने की कोशिश की, मगर मरीज अस्पताल से भाग गया। अंधेरा होने के कारण मरीज का रात को काई पता नहीं चल पाया। होमगार्ड के जवानों ने रात को सेवाएं दे रही चिकित्सक डा. स्वाती महाजन को इस बारे में जानकारी दी। डा. स्वाती महाजन ने मरीज के भागने की सूचना पुलिस को दी। सारी रात होमगार्ड और उसकी पत्नी ने उसे तलाश किया। सुबह साल नाले में व्यक्ति का शव मिला। बताया जा रहा है कि व्यक्ति दिमागी तौर पर भी परेशान चल रहा था। एसपी बृज मोहन शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टमकरवा कर परिजनों को सौंप दिया है।
….कोट
अस्पताल में दाखिल मरीज के भागने की सूचना उन्हें रात को टेलीफोन पर दी गई थी। इसके बाद मरीज की तलाश भी की गई, मगर नहीं मिला। सुबह साल नाले में उसका शव मिला है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
-डा. विनोद शर्मा, एमएस जिला अस्पताल
