
धर्मशाला। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि बिना परमिट के चलाई जा रही बसों एवं जीपों के निरीक्षण के लिए परिवहन विभाग ने अभियान चलाएगा। दोषी पाए जाने पर वाहन मालिकों के विरुद्घ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे अवैध रूप से आने-जाने वाले वाहनों पर नजर रखी जा सके।
उन्होंने बताया कि निगम के बेड़े में चार नई वोल्वो बसें इसी माह शामिल की जाएंगी, जबकि 16 नई बसें अगले दो महीने में पहुंच जाएंगी। कहा कि बैजनाथ – दिल्ली, चिंतपूर्णी-दिल्ली रूट पर नई वोल्वो बस सेवा शीघ्र ही शुरू होगी। उन्होंने कहा कि वोल्वो बस के खराब होने पर निगम द्वारा निकट भविष्य में यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। बाली ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा स्वीकृत धनराशि का उपयोग तुरंत पर्यटन गतिविधियों के सृजन पर किया जाए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर नियोजन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवनों के निर्माण नक्शों के आधार पर करवाए जाएं तथा प्रत्येक मकान में वर्षा जल संग्रहण की व्यवस्था करवाई जाए। सुनिश्चित किया जाए कि मकान निर्माण भूकंपरोधी मापदंडों के आधार पर किया गया हो। उपायुक्त सी पालरासू ने परिवहन मंत्री का स्वागत करते हुए आश्वासन दिया कि जिले में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से कार्यान्वित किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रोहन ठाकुर, एडीएम राकेश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागोें के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
