नोगली, बौंडा, कोटला स्कूल को 20-20 हजार

रामपुर बुशहर। यहां के नोगली, बौंडा और कोटला स्कूल को संपूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत स्वच्छ स्कूल का पुरस्कार मिला है। शुक्रवार को शिंगला पंचायत में स्वच्छता सप्ताह के तहत आयोजित खंड स्तरीय महिला एवं शिशु दिवस में स्कूलों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शरीक एसडीएम दलीप नेगी ने स्कूलों के प्रमुखों को इनामी राशि के चेक बांटे।
हाई एवं सेकेंडरी स्कूल में स्वच्छ स्कूल रहे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नोगली को 20 हजार रुपये, जबकि द्वितीय रहे भड़ावली स्कूल को 10 हजार रुपये दिए गए। मिडिल सेक्शन में प्रथम रहे मिडिल स्कूल बौंडा को 20 हजार तथा द्वितीय रहे मघारा स्कूल को 10 हजार रुपये दिए गए। इसी तरह प्राथमिक वर्ग में प्रथम कोटला स्कूल को 20 हजार और बड़ावली स्कूल को 10 हजार रुपये दिए गए। खंड विकास अधिकारी सत्येंद्र ठाकुर ने कहा कि अब तक रामपुर ब्लाक के 21 स्कूल संपूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत इनामी राशि हासिल कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि स्वच्छ स्कूल के तौर पर दी जाने वाली इनामी राशि स्कूल में स्वच्छता पर ही खर्च की जानी चाहिए। इस मौके पर एसडीएम ने लोगों से पंचायत को संपूर्ण स्वच्छ बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संपूर्ण एवं स्वच्छ क्षेत्र में ही लोग स्वस्थ रह सकते हैं। कार्यक्रम में नोगली स्कूल के प्रधानाचार्य विनय सिंह नेगी, डीपीई संजय नेगी, संजय बदरेल, भड़ावली स्कूल के मुख्य अध्यापक प्रवीण गुप्ता, नीना बिष्ट, रणवीर, अशोक, रंजू मेहता आदि मौजूद थे।
इनसेट
सौ से अधिक लोगों की जांच
महिला एवं शिशु दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सीय टीम ने सौ से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। शिविर में डा. भारती आजाद, डा. अकुुंश वर्मा, डा. धीरज सरकैक के अलावा अनीता और जोबना जैन ने सेवाएं दीं।

Related posts