सचिवालय में भी बनेंगे आधार कार्ड

शिमला। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। अब सचिवालय में भी आधार कार्ड बनेंगे। आधार कार्ड बनवाने में लोगों की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सचिवालय में नया काउंटर खोल दिया है। आर्म्सडेल बिल्डिंग में सुबह दस बजे से लेकर शाम चार बजे तक कार्ड बनवाने के लिए फार्म जमा किए जाएंगे। छोटा शिमला वार्ड के पार्षद सुरेंद्र चौहान ने सचिवालय में काउंटर खोलने पर जिला प्रशासन का आभार जताया है।
सचिवालय में तैनात हजारों कर्मचारियों, अधिकारियों सहित स्थानीय लोगों को अब आधार कार्ड बनवाने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को घर द्वार पर आधार कार्ड बनवाने की सुविधा मुहैया करवा दी है। सचिवालय की आर्म्सडेल बिल्डिंग में खोले गए आधार कार्ड काउंटर में सुबह दस बजे से लेकर चार बजे तक फार्म जमा होंगे। निर्धारित अवधि के बाद फार्म जमा करवाने वाले लोगों को कार्ड बनवाने के लिए समय दिया जाएगा। उधर, छोटा शिमला के वरिष्ठ नागरिकों नरेंद्र गुप्ता, हंसराज, एमएम गुलाटी, एसपी सूद और प्रवीण अग्रवाल सहित कई अन्य ने कहा है लंबे समय से क्षेत्र में काउंटर खोलने की मांग की जा रही थी। पार्षद सुरेंद्र चौहान ने प्रशासन के समक्ष मामले को प्रमुखता से उठाकर हजारों लोेगों को लाभान्वित किया है। छोटा शिमला के पार्षद सुरेंद्र चौहान ने सचिवालय में आधार कार्ड केंद्र खुलने की पुष्टि की है। उन्होंने स्थानीय लोगों से सचिवालय जाकर अपने आधार कार्ड जल्द बनवाने की अपील की है। उन्होंने बताया बुधवार से काउंटर खुल गया है। आधार कार्ड बनवाने से वंचित रहे लोग यहां जाकर अपने कार्ड बनवाएं।

Related posts