
शिमला। राष्ट्रीय राजमार्ग पर टैक्स जुटाने को लगाए गए कंटोनमेंट बोर्ड जतोग के बोर्ड और सामान को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कब्जे में ले लिया। साथ ही विभाग के सहायक अभियंता ने बोर्ड के सीओ को नोटिस जारी किया है। बोर्ड द्वारा टैक्स जुटाने को गेट लगाने के बाद जिला प्रशासन ने भूमि के दस्तावेज खंगाले। इसमें भूमि सरकार की पाई गई। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मौके पर लगे सभी बोर्ड कब्जे में ले लिए। उन्होंने टैक्स जुटाने को लगाए शेड को छोड़कर सभी बोर्ड उठा लिए हैं। वीरवार सुबह दो पुलिस कर्मचारियों की मौजूदगी में विभाग के अधिकारियों ने सामान कब्जे में लिया। कंटोनमेंट बोर्ड जतोग ने शिमला-मंडी सड़क पर टैक्स जुटाने को गेट लगाया था। बुधवार को जिला प्रशासन की टीम ने मौके का दौरा किया। इस दौरान भूमि के दस्तावेज खंगाले गए। इसमें भूमि की मालिक सरकार को पाया गया। इसके बाद सामान को कब्जे में लेने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन के आदेशों के बाद विभाग की टीम ने सभी गेट और बोर्ड कब्जे में ले लिए। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मौके पर अब महज शेड बचा है। इसे शुक्रवार को सुबह उठाया जाना है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहायक अभियंता जीआर सहोत्रा ने माना कि मौके से बोर्ड और कुछ सामान उठाया है। अन्य सामान शीघ्र उठा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड के सीओ को विभाग ने नोटिस भी जारी कर दिया है। एसडीएम ग्रामीण जीएस नेगी ने बताया कि राजस्व दस्तावेजों में सरकार भूमि की मालिक है।
पक्ष
कंटोनमेंट एरिया में आता है क्षेत्र – सिंह
– जतोग कैंट कंटोनमेंट एरिया में आता है। इस बारे में अधिक जानकारी आर्मी हेड क्वार्टर से ली जा सकती है। फिलहाल ठेकेदार को कोई अग्रिम निर्देश नहीं दिए गए हैं।
– जेवी सिंह, सीईओ,
कैंटोनमेंट बोर्ड जतोग।
हिमाचल सरकार की है जमीन
उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने कहा कि दस्तावेजों को जांचने के बाद पता चला है कि यह जमीन हिमाचल प्रदेश सरकार की है। यह जमीन कंटोनमेंट एरिया में नहीं आती है।
उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा
