
गोहर (मंडी)। द सीडी बैंक चैलचौक से घरेलू कार्य के लिए ऋण लेकर इसे न चुका पाने पर बैंक ने एक व्यक्ति पर कुर्की की गाज गिराकर जमीन की नीलामी कर दी है। द सीडी बैंक चैलचौक शाखा में वर्ष 1996 में घरेलू कार्य के लिए चच्योट तहसील के चरखा गांव के उत्तम चंद ने बैंक से ऋण लिया था। ऋण लेने के बाद उक्त व्यक्ति ने बैंक के नियमानुसार ऋण की किश्तें अदा नहीं कीं, जिससे बैंक में उसका कर्ज बढ़ता गया। बैंक द्वारा ऋणी को कई बार नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन उसने बैंक से लिया लोन नहीं लौटाया। बैंक के अधिकारियों ने उक्त व्यक्ति को अनेक बार बैंक भी बुलाया और चेतावनी भी दी थी कि अगर वह लोन नहीं चुकाता है तो उसकी जमीन की कुर्की की जाएगी। इसके बावजूद भी उक्त व्यक्ति ने बैंक से लिया ऋण वापस नहीं लौटाया। करीब 16 वर्ष बाद सीडी बैंक ने इस संबंध में वीरवार को समाहर्ता एवं उप पंजीयक सहकारी सभाएं केंद्रीय मंडल मंडी की उपस्थिति में ऋणी के घर में जमीन की बोली लगाकर उसकी नीलामी कर दी। बोलीदार में जगदीश शर्मा पुत्र टेक चंद शर्मा गांव ओयरी तहसील चच्योट की बोली सबसे अधिक रही। जगदीश शर्मा ने 5.25 लाख की बोली लगाई तथा एक लाख रुपया जमा करवा दिया। समाहर्ता ने बोलीकर्ता को एक माह के अंदर शेष राशि जमा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर द सीडी बैंक के प्रबंधक विजय शर्मा और राजेंद्र ठाकुर भी मौजूद थे। द सीडी बैंक मुख्यालय के क्षेत्रीय प्रबंधक भींदर पाल गौतम ने जमीन की कुर्की करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ऋणी से बैंक को पांच लाख 50 हजार 734 रुपये की रिकवरी लेनी थी।
