
मंडी। शहर में वीरवार को एक युवक और युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गंभीर हालत में युवक व युवती को उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी में भरती किया। दोनों पुलिस को बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 309 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनगर में किराए के मकान पर रहने वाली कपूरथला के रोज एवन्यू गली निवासी युवती ने वीरवार को कमरे में फंदा लगा कर आत्म हत्या करने का प्रयास किया। युवती शहर में ब्यूटी पार्लर का कार्य करने करती है। कमरे में युवती को फंदा लगाते देख लिया। जिस पर शोर मचाने पर वहां लोग एकत्रित हो गए। आसपास के लोगों ने युवती को तुंरत फंदे से नीचे उतार लिया। बेहद नाजुक हालत में कल्पना को जोनल अस्पताल मंडी में उपचार के लिए ले जाया गया। जहां पर उसका उपचार करवाया जा रहा है।
शहर के ही थनेहड़ा मोहल्ले में 23 वर्षीय युवक ने भी अपने घर में फंदा लगा कर आत्महत्या करने की कोशिश की है। लेकिन लोगों ने उसे बचा लिया। गंभीर हालत में उसे भी नाजुक हालत में जोनल अस्पताल में उपचार के लिए भरती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि युवक ने नशे का सेवन कर रखा था। दोनों की हालत नाजुक होने से अभी तक आत्महत्या के प्रयास करने का पता नहीं चला है। सिटी चौकी प्रभारी चेत सिंह भंगालिया ने कहा कि युवक व युवती बयान देने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 309 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
