पालीटेक्निक कालेज की कार्यप्रणाली जांच के घेरे में

मंडी। बाढू स्थित एक निजी पालीटेक्निक कालेज की कार्यप्रणाली जांच के घेरे में आ गई है। संस्थान के दर्जनाें छात्रों ने कालेज प्रशासन पर उनके परीक्षा फार्म बोर्ड को न भेजने का आरोप लगाया है। वीरवार को अपनी समस्या के समाधान के लिए छात्र उपायुक्त मंडी के दरबार में पहुंच गए। यहां संस्थान के छात्रों ने उपायुक्त को एक प्रार्थना पत्र सौंपा। करीब पांच दर्जन छात्राें ने आरोप लगाया कि संस्थान द्वारा छात्रों के परीक्षा फार्मों को जान-बूझकर आगे ही नहीं भेजा जा रहा है। जबकि टैक्नीकल बोर्ड धर्मशाला को एग्जामिनेशन फार्म भेजने की अंतिम तारीख 10 अप्रैल थी, जो अब खत्म हो चुकी है। दूसरी ओर कालेज प्रबंधन परीक्षा फार्म 30 अप्रैल तक भेजने की बात कह रहा है।
वीरवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे ये सभी छात्र एमजी पालीटेक्निक कालेज के थे। इनमें संस्थान के प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय वर्ष के छात्र भी शामिल थे। इन छात्रों ने जहां चालू सेमेस्टर के परीक्षा फार्म टेक्नीकल बोर्ड धर्मशाला को न भेजने का आरोप लगाया, वहीं कालेज के छात्रों का यह भी कहना था कि पिछले दो माह से कालेज सही ढंग से लग भी नहीं रहा है। इससे संस्थान में दाखिल छात्र भविष्य को लेकर चिंतिंत हैं। संस्थान में करीब साढ़े तीन सौ छात्र प्रशासन के इस रवैये से परेशान हैं। छात्राें का कहना था कि एग्जामिनेशन फार्म की फीस भरने की अंतिम तारीख 30 मार्च थी। छात्र परीक्षा शुल्क निर्धारित तिथि तक अदा कर चुके हैं, लेकिन बावजूद इसके कालेज प्रशासन एग्जामिनेशन फार्म टैक्निकल बोर्ड धर्मशाला को नहीं भेज रहा है। समस्या लेकर आए संस्थान के इन पांच दर्जन छात्राें ने उपायुक्त से इस मामले पर शीघ्र हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। उधर, इस बारे में संस्थान के डिलिंग हैड पंकज शर्मा का कहना है कि एग्जामिनेशन फार्म 30 अप्रैल तक भेज दिए जाएंगे।

Related posts