छड्ड मित्तरा मेरी बांह… पर झूमे दर्शक

बिलासपुर। शिवा इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाजी में आयोजित टेक-फेस्ट की अंतिम संध्या पंजाबी गायक व अभिनेता जैली के नाम रही। बुधवार शाम पंजाबी व हिंदी गीतों की झड़ी लगाकर धमाल मचाते हुए उन्होंने छात्र-छात्राआें को झूमने पर मजबूर कर दिया। संस्थान के विद्यार्थियाें ने भी सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। कार्यक्रम में सदर के विधायक बंबर ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
शिवा इंस्टीट्यूट में टेक-फेस्ट की अंतिम संध्या के मुख्य आकर्षण पंजाबी गायक जैली ने बुधवार शाम करीब नौ बजे मंच संभाला। अपने कार्यक्रम का आगाज उन्हाेंने पंजाबी भजन ‘मैं तेरे आसरे’ से किया। इसके बाद उन्होंने पंजाबी व हिंदी गीतों की झड़ी लगा दी। ‘तैनू सोणिए बुलांदे जान-जान’, ‘चित्त करे बण जावां रमाल बलिए’, ‘छड्ड मित्तरा मेरी बांह’, ‘गबरू’, ‘तेरे नैनां दी बोली’ व ‘चिट्टे सूट ते दाग पै गया’ जैसे गीतों की प्रस्तुतियाें पर उन्हाेंने सभागार में मौजूद विद्यार्थियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने छात्र-छात्राआें की डिमांड पर भी कई दिलकश प्रस्तुतियां दीं।
अंतिम संध्या में शिवा इंस्टीट्यूट में अध्ययनरत लेह-लद्दाख की छात्राओं ने लद्दाखी नृत्य की प्रस्तुति से धमाल मचाते हुए वाहवाही बटोरी। चंद्रमोहन, करुण, रेणुका व राहुल ने सोलो गीत की प्रस्तुतियों से तालियां बटोरीं। अंकिता एंड ग्रुप ने बालीवुड फैशन जबकि विनय एंड ग्रुप ने नाटक प्रस्तुत किया। इसके अलावा छात्र-छात्राओं ने नाटी व भंगड़ा सहित अन्य प्रस्तुतियां देकर भी खूब समां बांधा। इससे पहले शिवा इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष बीआर शर्मा, प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा, रजिस्ट्रार आईएस चंदेल व आरके टंडन ने मुख्य अतिथि विधायक बंबर ठाकुर को स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया।

Related posts