नाबालिग से दुराचार का आरोपी नहीं चढ़ा हत्थे

घुमारवीं (बिलासपुर)। जिला के एक गांव में नाबालिग से दुराचार करने वाला आरोपी अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। पुलिस कर्मी का ही पुत्र बताए जा रहे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें जगह-जगह दबिश दे रही है, किंतु अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। उधर, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। विभिन्न राजनीतिक संगठनों से जुडे़ पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से एसपी से मुलाकात कर मामले के आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के अलावा स्कूल कालेजों के आसपास पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।
कुछ दिन पहले पनौल गांव की एक नाबालिग के साथ दुराचार का मामला सामने आया था। आत्महत्या के इरादे से नदी में कूदने गई नाबालिग को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। अभी उसके साथ इस तरह की घिनौनी हरकत करने वाला सलाखों के पीछे नहीं पहुंच सका है। इधर, विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। सीपीआई से जुडे़ पूर्व विधायक केके कौशल, हिमाचल लोक हित पार्टी के प्रवक्ता केश पठानिया, किसान संघर्ष समिति के चेयरमैन रंगील सिंह वर्मा, आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता राज वर्मा, सीपीआईएम के जिला सचिव लखनपाल शर्मा ने कहा कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता से की जानी चाहिए। बिलासपुर की शांत वादियों में इस तरह के अपराध फिर नहीं होने चाहिए। उन्होंने स्कूल, कालेज और अन्य शिक्षण संस्थानों के समीप पुलिस पेट्रोलिंग को भी बढ़ाने की मांग की है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी की तलाश में टीमें रवाना कर दी गई है।

Related posts