
बिलासपुर। सड़क हादसों की बढ़ती रफ्तार के लिए वाहनों की ओवर स्पीड और लापरवाही ही कारण हो सकती है। सड़कों पर लापरवाह ‘पायलट’ न केवल अपनी बल्कि औरों की जिंदगी भी दांव पर लगा रहे हैं। आला अधिकारियों के निर्देशों पर बिलासपुर में छेड़े गए पुलिस के अभियान से तो ऐसा ही प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने ओवर स्पीड और लापरवाही से वाहन चलाने पर 114 चालान काटे हैं। इसके अतिरिक्त शराब पीकर वाहन चलाने वाले 34 चालकों को भी दबोचा गया। सभी को अंतिम चेतावनी देकर छोड़ा गया है। दूसरी बार ऐसी गलती दोहराई गई तो कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
बिलासपुर में बढ़ते सड़क हादसे चिंता का सबब बन गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाना और लापरवाही इसकी वजह मानी जा रही है। एक सप्ताह के भीतर सड़क दुर्घटना के कई मामले सामने आए हैं। पुलिस ने लापरवाह वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए 15 से 22 अप्रैल तक विशेष अभियान छेड़ा था। इसके तहत कुल 148 वाहनों के चालान काटे हैं। इनमें 105 वाहन ऐसे लोगों के काटे गए जो ओवर स्पीड ड्राइव कर रहे थे। इसके अलावा लापरवाही से वाहन चलाने पर 109 चालकों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया। 34 ऐसे लोगों के चलान हुए जो शराब के नशे में धुत होकर गाड़ी चला रहे थे। एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि नशे में धुत होकर वाहन चलाने वालों को बक्शा नहीं जाएगा। इस मामले में कानून अपना काम करेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते वक्त सावधानी बरतें। छोटी सी लापरवाही उनकी जिंदगी के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
