
भरमौर (चंबा)। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में वीरवार को जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़कें पहाड़ी क्षेत्रों के विकास की जीवन रेखाएं होती हैं। इसी के मद्देनजर प्रदेश सरकार की ओर से सड़क निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में जनजातीय क्षेत्र भरमौर में योजना मद के तहत आठ करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि एक करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पलाणी नाला पुल के निर्माण की औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। इसका निर्माण शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुगती गांव को सड़क से जोड़ने के लिए धरोला नाला पुल का काम चालू वित्त वर्ष में पूरा हो जाएगा। इस पुल की लंबाई तीस मीटर है। इस पर 56 लाख 65 हजार रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके अलावा बाया चौबिया-हड़सर सड़क को जोड़ने के लिए खैर काओ नाले पर 34 मीटर स्पैन और स्टील पुल का निर्माण होगा। इस पुल के निर्माण पर एक करोड़ छह लाख रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि उपमंडल की विभिन्न सड़कों के चिन्हित ब्लैक स्पाट तुरंत दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभाग को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। चंबा-भरमौर-हड़सर मार्ग पर लोगों के सुरक्षित आगमन के लिए लुणा से खड़ामुख, लाहल ढांक और भरमौर से हड़सर तक बैरियर और पैरापिट का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की बाधा न हो और कार्य सही ढंग से हो इसके लिए सरकार की ओर से सिंगल लाइन प्रशासनिक प्रणाली आरंभ कर रखी है। इस अवसर पर एडीएम बीआर कमल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
