तीसा उपमंडल में चरमराई दूरसंचार सेवाएं

तीसा (चंबा)। ओएफसी चोरी होने से उपमंडल मुख्यालय में बीएसएनएल की दूरसंचार सेवा चरमरा गई है। हालत यह है कि तीन दिन से ब्राडबैंड और लैंडलाइन फोन सेवाएं ठप चल रही हैं। इस कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इलाके में 300 मीटर ओएफसी चोरी हो गई थी। इस कारण इलाके में लैंडलाइन और ब्राडबैंड सेवाएं बंद हो गई हैं। इससे डाकघरों, बैंकों और अन्य विभागों में काम रुक गया है। उपभोक्ता सुबह ही रोजाना की तरह डाकघरों और बैंकों में काम करवाने पहुंच तो रहे हैं, मगर इंटरनेट न चलने के कारण उन्हें बिना काम के ही घरों को वापस लौटना पड़ रहा है। इस समय डाकघरों, बैंकों और अन्य विभागों में ब्राडबैंड सेवाएं बंद पड़ जाने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। वहीं, विद्युत बोर्ड अभी तक बिल भी जमा नहीं कर पाया है। उपभोक्ता हर रोज बिल जमा करवाने आ रहे हैं। इस बारे में तमाम विभाग भी निगम को अवगत करवा चुके हैं, मगर अभी तक समस्या का हल नहीं हो पाया है। इस संबंध में निगम के एसडीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि टेक्निकल प्राब्लम चल रही है। समस्या का हल किया जा रहा है। आने वाले दो दिनों में सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।

Related posts