चोर समझकर पीट डाले युवक

भवारना (कांगड़ा)। भवारना थाना के तहत गांव मट्ट में सोमवार रात गांव वालों ने दो युवकों को चोर समझकर पीट डाला। शक होने पर लोगों ने पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस पूछताछ में ऐसा कुछ न मिलने पर दोनों को छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 11 बजे गांव वालों ने दो युवकों को गांव में घूमते देखा। ये दोनों युवक एक स्कूटर पर आए थे और गांववालों को इनसे सही जवाब न मिलते देख दोनों की पिटाई कर डाली। इसके बाद दोनों को भवारना पुलिस के हवाले कर दिया गया। भवारना थाना से मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक स्थानीय ही थे और पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया। मट्ट गांव के लोगों का आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और उनके पास मिली चाबियों के गुच्छे को देख उन पर चोर होने का शक हुआ। भवारना थाना के एएसआई शिवप्रकाश ने बताया कि लोगों द्वारा सूचित करने पर पुलिस वहां पहुंची थी। पुलिस रात को 12 बजे उन्हें पकड़कर थाने ले आई थी। मेडिकल भी करवाया गया है। पुलिस जांच में वे चोर नहीं पाए गए, इसलिए उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस ने धारा 290 व 510 के तहत कार्रवाई की है।

Related posts