
धर्मशाला। पुलिस थाना भवारना के तहत डीएसपी पालमपुर के वाहन पर पथराव करने वाले शेष दो आरोपियों की धरपकड़ पुलिस ने तेज कर दी है। मामले में एक आरोपी घटना के दौरान ही पकड़ा गया था, जो तीन दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहा है। वहीं वीरवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा मोहित चावला ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष मुहिम शुरू कर दी है। हालांकि वारदात के दूसरे दिन भी दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर भागते नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि मंगलवार आधी रात को आपरेशन नाइट डोमिनेंस अभियान (ओएनडी) के तहत भवारना इलाके के दौरे पर निकले डीएसपी पालमपुर की गाड़ी पर कुछ शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया था। पुलिस बल के पहुंचने पर एक आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य दो आरोपी भागने में कामयाब रहे।
