
सांगला (किन्नौर)। जिले के ब्रुआ पुल के पास भूस्खलन से कड़छम-वांगतू सड़क ध्वस्त हो गई। करीब तेरह मीटर सड़क क्षतिग्रस्त होने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। इससे सांगला वैली की कई पंचायतों का जिला मुख्यालय रिकांगपिओ समेत अन्य क्षेत्रों से संपर्क कट गया।
बुधवार देर रात ब्रुआ पुल के पास अचानक हुए भूस्खलन से सड़क धंस गई। इससे सड़क पर रात से ही वाहनों की आवाजाही ठप है। सड़क अवरुद्ध होने से पर्यटन स्थल सांगला, थापासारिंग, छितकुल, रकछम, बटसेरी, थैमगारंग, बोनिंग-सारिंग, कामरू, कुपा, चांसू, शौंग आदि क्षेत्रों के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों ओर सरकारी, निजी बसों समेत करीब तीन सौ छोटे वाहन फंसे हुए हैं। इनमें पर्यटकों के वाहन भी शामिल हैं। वीरवार को सूचना मिलने पर हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने सड़क को खोलने का कार्य तुरंत शुरू कर दिया लेकिन भारी भूस्खलन होने से सड़क बहाली में देर लग रही है। लोनिवि के कनिष्ठ अभियंता उदय कौशल ने बताया कि सड़क पर दो मशीनों समेत मजदूर लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 13 मीटर सड़क का आधार ही ढह गया है। विभाग के मजदूर सड़क को छोटे वाहनों के लिए बहाल करने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। लेकिन, बड़े वाहनों की आवाजाही में करीब एक सप्ताह लग सकता है। सड़क पर फिर से कंकरीटिंग करनी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि उच्चाधिकारियों से विचार विमर्श करने के बाद इसका कार्य जल्द आरंभ किया जाएगा।
