
निरमंड (कुल्लू)। क्षेत्र से पहले भी एक बच्चा गायब हो चुका है। हालांकि, उस वक्त बच्चे के परिजन डर के मारे निरमंड छोड़कर चले गए थे। इसके चलते पुलिस कोई कार्रवाई अमल में नहीं ला पाई थी। हैरत की बात यह है कि जिस घर से पूर्व में बालक लापता हुआ है। वह घर आरोपी के कमरे से करीब पांच कदम दूरी पर स्थित है। यही नहीं, उस का शव भी उसी स्थान के पास मिला था जहां बुधवार को सुमित का शव मिला है। नेपाली मूल का वह बालक भी मासूम सुमित की उम्र का ही था।
क्षेत्र के लोगों में ग्राम पंचायत निरमंड के प्रधान राम किशन शर्मा, विनोद नेगी, चरण दत्त शर्मा, टेक राम शर्मा, नीरज शर्मा, कुंदन शुक्ला, पुष्प राम, दिला राम और पदमा नंद सहित अन्य लोगों का कहना है कि करीब दो साल पूर्व भी आरोपी के घर के पास लगते घर से नेपाली मूल का एक बच्चा गायब हुआ था, जो सुमित की ही उम्र का था। इन लोगों ने अब साफ कर दिया है कि प्रवासी मजदूरों को किसी भी हाल में निरमंड में नहीं रहने दिया जाएगा। लोगों का कहना है कि यहां आने वाले प्रवासी मजदूरों का किसी भी प्रकार का पंजीकरण नहीं है। यही प्रवासी मजदूर देर शाम शराब के नशे में क्षेत्र में दहशत फैलाते हैं। इन लोगों ने मौके पर पहुंचे एसपी और डीएसपी से मांग की है कि इन प्रवासी मजदूरों पर शिकंजा कसा जाए।
