
शिमला। पार्किंग पर पुलिस और पब्लिक आमने-सामने आ गई है। दरअसल, ढली टनल से लेकर ढली बाजार तक करीब डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में सड़क किनारे गाड़ियां पार्क करने पर पुलिस ने सैकड़ों वाहनों पर चेतावनी पत्र चस्पां कर दिए। पुलिस कह रही है कि सड़क किनारे गाड़ियां लगाई तो चालान कर देगी। तब भी नहीं माने तो क्रेन से गाड़ियां उठवा दी जाएंगी। वहीं, पुलिस की इस कार्रवाई से पब्लिक भड़क उठी है। दलील दी है कि पहले पार्किंग दो या येलो लाइन लगाओ। उसके बाद अगर कोई कानून तोड़ता है तो कार्रवाई करो।
बुधवार को स्थानीय पार्षद शैलेंद्र चौहान के साथ काफी लोग हाथ में चेतावनी पत्र लेकर थाना ढली पहुंचे। इन्होंने यहां पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। पार्षद के जोर देने पर मौजूद स्टाफ ने कहा कि उन्हें ऊपर से आर्डर हैं। कुछ नहीं कर सकते। आप डीसी और एसपी साहब से मिलकर समस्या बताएं। इसके बाद निर्णय लिया गया कि वीरवार को उपायुक्त से मिलकर समस्या से रूबरू करवाया जाएगा। पार्षद शैलेंद्र चौहान ने कहा कि पार्किंग न होेने की वजह से रोजाना यहां सड़क किनारे करीब पांच सौ गाड़ियां खड़ी होती हैं। पुलिस की कार्रवाई जायज नहीं है। अब उपायुक्त से मिलकर क्षेत्र के लिए पार्किंग की मांग की जाएगी।
आईजीएमसी में भी पार्किंग के लिए हर दिन तू-तू, मैं-मैं
शिमला। आईजीएमसी में दोपहर पौने बारह बजे गेट पर खड़ा गार्ड एक गाड़ी चालक से बहस कर रहा था। चालक मिन्नतें कर रहा था कि गाड़ी में मरीज है। मरीज की हालत ठीक नहीं, मुझे इन्हें डाक्टर के पास जाने दो। लेकिन गार्ड इस बात पर अड़ा रहा कि वह गाड़ी बाहर सड़क पर खड़ी करे। गेट के बाहर सड़क प्रतिबंधित मार्ग में आती है। वहां गाड़ी खड़ी करने का मतलब है सीधे पंद्रह सौ रुपये जुर्माना। मजबूर लालपानी के रहने वाले विकास चौहान को अपना मरीज गेट पर उतारने के बाद गाड़ी बाहर ही खड़ी करनी पड़ी। यह अकेले विकास की कहानी नहीं बल्कि सुबह से शाम तक ऐसे सैकड़ों लोगों को इस तरह की परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। आईजीएमसी में मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए एक भी गाड़ी की पार्किंग की व्यवस्था नहीं है।
पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण मजबूरी में गाड़ी सड़क के किनारे खड़ी कर रहे हैं। लेकिन अब पुलिस यहां से भी गाड़ी हटाने के लिए कह रही है। अब गाड़ी कहां खड़ी करें?
– भूपेंद्र शर्मा
पार्किंग के लिए जगह तलाशने और उसके निर्माण में वक्त लग सकता है। विकल्प के तौर पर प्रशासन को यहां येलो लाइन लगानी चाहिए ताकि वाहन मालिक भी निश्चिंत हो जाएं।
संजय बहल
बताइए, गाड़ी कहां खड़ी करें। गाड़ी में वार्निंग स्लिप लगाकर पुलिस चली गई। अब अगर यहां गाड़ी खड़ी करते हैं तो चालान तय है । आम आदमी कहां जाए?
दिनेश शर्मा
पहले प्रशासन पार्किंग मुहैया करे, उसके बाद गाड़ियां हटवाने के आदेश दे। इस स्थिति में वाहन मालिक अपनी गाड़ियां कहां लेकर जाएं?
प्रदीप
