
शिमला। राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में नौवीं से ही छात्रों को नौकरी के लिए तैयार करेगी, वो भी बिलकुल मुफ्त। इसी सत्र से स्कूलों में वोकेशनल कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। हालांकि सभी स्कूलों को शामिल नहीं किया गया है पर शिमला शहर से तीन स्कूल इसके लिए चुने गए हैं। जिले भर के दस स्कूलों में यह कोर्स शुरू किया जा रहा है।
नौवीं से बारहवीं तक वोकेशनल कोर्स शुरू कर छात्रों को रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सर्वे कर स्कूलों के नाम तय कर लिए हैं। शिमला के ब्वॉयज स्कूल लालपानी, कन्या स्कूल पोर्टमोर और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छोटा शिमला को चुना है। इसके अलावा रामपुर, जुब्बल, घणाहट्टी, ठियोग, सुन्नी, रोहड़ू, चौपाल स्कूल को भी सूची में शामिल किया गया है।
किन्नौर में सांगला, रिकांगपिओ, कल्पा स्कूलों को चयनित किया गया है। फिलहाल इन स्कूलों में चार विषयों ऑटोमोबाइल, आईटीईएस, सिक्योरिटी और रिटेल में से किसी एक में कोर्स शुरू किए जाने हैं। इसमें हर कक्षा में 25 से 30 का बैच होगा, जिसे 40 करने का प्रयास किया जा रहा है। छात्रों को अपने रूटीन संकाय के विषयों के अलावा एक अतिरिक्त विषय पढ़ना होगा। लालपानी स्कूल में ऑटोमोबाइल और आईटीईएस शुरू होगा। वहीं पोर्टमोर स्कूल आईटीईएस और रिटेल कोर्स शुरू करेगा। छोटा शिमला में आईटीईएस और सिक्योरिटी कोर्स शुरू किया जाएगा। वोकशनल कोर्स के राज्य नोडल आफिसर डा. गिरिजानंद चौहान ने बताया कि कोर्स पूरी तरह से निशुल्क होगा। चार लेवल के इस कोर्स में 60 फीसदी प्रैक्टिकल और शेष थ्योरी पार्ट होगा। केंद्र सरकार के सहयोग से निशुल्क चलाए जाने वाले कोर्स का हर लेवल पास करने पर सर्टिफिकेट दिया जाएगा जो छात्र को रोजगार पाने में सहयोगी साबित होगा।
—————-
सरकार तय करेगी दाखिले के नियम : चौहान
नोडल आफिसर डा. गिरिजा नंद चौहान ने बताया कि प्रवेश के लिए नियम सरकार तय करेगी। उन्होंने कहा कि फैसला होते ही इस सत्र की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
