भुगतान न होने से साठ मजदूरों को पैसों के लाले

पधर (मंडी)। लोक निर्माण विभाग मंडल पधर के अधीन कमांद उपमंडल में कार्यरत लगभग 60 मजदूरों को मार्च महीने के वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है। पगार न मिलने से मजदूरों को आर्थिक तंगहाली के दौर से गुजरना पड़ रहा है। इंटक लोनिवि मंडल के अध्यक्ष पुरुषोत्तम ने बताया कि अधिकांश मजदूरों के बच्चे स्कूलों में पढ़ते हैं। मजदूरों को वेतन न मिलने से वे अपने बच्चों को नए शिक्षा सत्र से पठन पाठन की सामग्री खरीदने से भी वंचित हो गए हैं। कई बच्चों को स्कूलों में दाखिला लेने के भी लाले पड़ गए हैं। इंटक की बैठक में कमांद उपमंडल के मजदूरों को वेतन का भुगतान न होने पर कड़ा संज्ञान लिया गया। इंटक ने सरकार से मांग की है कि मजदूरों के वेतन की शीघ्र अदायगी की जाए। पुरुषोत्तम ने बताया कि पनारसा, कमांद व पंडोह उपमंडलों में पिछले लंबे समय से बकाया एरियर 2007 का आईआर और मेटों की पदोन्नति के मामलों पर इंटक ने रोष प्रकट किया है। उन्होंने मांग की है कि लंबित पड़ी मांगों का शीघ्र निपटारा किया जाए। कमांद उपमंडल के सहायक अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि बजट न आने से मजदूरों के वेतन का भुगतान नहीं हो सका है। बजट की मांग की गई है, जैसे ही बजट विभाग को मुहैया होगा, तत्काल वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।

Related posts