पैट शिक्षक भविष्य को लेकर चिंतित

बिलासपुर। नियमितीकरण को लेकर मौजूदा सरकार से आस लगाए बैठे प्राथमिक सहायक अध्यापक (पैट) अपने भविष्य को लेकर एक बार फिर चिंतित हैं। उनकी चिंता उन सूचनाआें ने बढ़ाई है, जिनमें उन्हें नए सिरे से ट्रेनिंग करने और टैट उत्तीर्ण करने को कहा जा रहा है। उन्होंने सरकार से उनके नियमितीकरण का रास्ता जल्द साफ करने की गुहार लगाई है।
प्राथमिक सहायक अध्यापक संघ के जिला अध्यक्ष परमजीत सिंह, उपाध्यक्ष राकेश वर्मा, महासचिव दीपलाल भट्टी और प्रेस सचिव नरेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 3482 पैट शिक्षक बीते करीब दस वर्षों से विभिन्न स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। पैट शिक्षक जेबीटी का दो वर्ष का कंडेंस कोर्स भी कर चुके हैं। अलबत्ता दूसरे वर्ष की परीक्षा होनी अभी बाकी है, जिसके लिए विभाग कुछ नहीं कर रहा है।
संघ के नुमाइंदों के अनुसार नियमितीकरण को लेकर पैट शिक्षकाें की उम्मीदें मौजूदा सरकार पर टिकी हुई हैं, लेकिन विभाग के नए फरमान से उन्हें वे धूमिल होती नजर आ रही हैं। अब उन्हें नए सिरे से 240 दिनों की ट्रेनिंग और टैट उत्तीर्ण करने को कहा जा रहा है। यह उनके साथ अन्याय है। पैट शिक्षकों की नियुक्ति के समय जो नियम थे, उन्हीं के तहत ग्रामीण विद्या उपासक नियमित किए गए हैं। इसी तर्ज पर पैट शिक्षकाें को भी नियमित किया जाना चाहिए। उन्हाेंने सरकार से आग्रह किया है कि इस वर्ग के साथ न्याय करके राहत प्रदान की जाए।

Related posts