नूरपुर के समीप जंगल में मिला क्लर्क का शव

नूरपुर (कांगड़ा)। एक सरकारी कार्यालय में बतौर लिपिक कार्यरत युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। युवक से बरामद सुसाइड नोट में उसके ही सहयोगियों पर आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप है। बुधवार को जसूर से औंदी डिफेंस रोड स्थित जंगल में युवक का शव मिलने क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान विनोद चौधरी (27) पुत्र मान सिंह निवासी खज्जन के रूप में हुई।
पुलिस से प्राप्त के जानकारी के अनुसार मृतक विनोद चौधरी के पिता मान सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है उसका बेटा बीडीओ कार्यालय में क्लर्क के पद पर तैनात था। मंगलवार शाम 7 बजे तक जब उसका बेटा कार्यालय से घर वापस नहीं लौटा तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। रात लगभग 12 बजे तक बेटे का कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके बेटे की बाइक जसूर-औंदी डिफेंस रोड पर जंगल के समीप खड़ी है।
वे वहां पहुंचे। जंगल में विनोद का शव झाड़ियों में पड़ा मिल। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना नूरपुर पुलिस को दी। अतिरिक्त थाना प्रभारी शेर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एफआरयू नूरपुर भेज दिया।
पिता के अनुसार विनोद की बाइक जंगल से काफी दूर खड़ी थी। उसके पास से लैपटॉप तथा कार्यालय का जरूरी सामान भी गायब था। मृतक के पिता ने अपने बेटे की ओर से छोड़े गए सुसाइड नोट की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की है।
अतिरिक्त थाना प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। विनोद के मुंह से खून निकल रहा था। ढेर सारे कैप्सूल की स्ट्रिप्स बिखरी थी। जांच के दौरान मृतक की जेब से सुसाइड नोट भी मिला।

Related posts