
नालागढ़ (सोलन)। बसपा के राज्यसभा सांसद अवतार सिंह करीमपुरी ने कहा कि संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर ने देश को जो संविधान दिया है, उसे देश के नेताओं और अफसरों ने ईमानदारी से लागू नहीं किया। नतीजतन आज देश में गरीबी, भ्रष्टाचार, महंगाई, सामाजिक अन्याय और जातिवाद फैल रहा है। देश में सत्ताधारी नेताओं की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता महंगाई, गरीबी और भ्रष्टाचार से त्रस्त हो चुकी है। वे नालागढ़ में डा. अंबेडकर जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान समारोह में पंजाब के कलाकार एसएस आजाद ने रंगारंग प्रस्तुति दी।
करीमपुरी ने कहा कि प्रमोशन में आरक्षण का बिल जनता से झूठे वायदे करने वाली कांग्रेस और भाजपा पार्टियों के सांसदों के विरोध के चलते पास नहीं हुआ। इस दौरान बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विजय नायर और यूपी के पूर्व मंत्री ददू प्रसाद आदि अन्य नेताओं ने कहा कि हिमाचल में 85वें संशोधन को लागू न करके प्रदेश की भाजपा व कांग्रेस सरकारों ने एससी/एसटी कर्मियों के साथ अन्याय किया है। आने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर बसपा पार्टी को मजबूत करने में जुटी है और बसपा हिमाचल की चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी और इसी तर्ज पर बसपा को देश भर में जीत मिलेगी। इस मौके पर समन्वयक सर्वेश अंबेडकर, दया चंद, प्यारे लाल, कांशी राम, रमेश चंद, सतीश, संधू, विस अध्यक्ष कृष्ण लाल, अनंत राम, मुख्तयार सिंह, नानक चंद, परमजीत सिंह और प्रेस सचिव चमन लाल आदि मौजूद रहे।
