
कालाअंब (सिरमौर)। बीते दिन सोमवार को खैरी खरोनी-कालाअंब सड़क मार्ग पर हुए हादसे में मृतक महिला को बचाया जा सकता था। घटना स्थल पर यदि एंबुलेंस अथवा यातायात पुलिस सतर्क रहती तो महिला की जान को कुछ प्रयासों के बाद बचाया जा सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बुरी तरह से घायल महिला को उसी ट्राली में अस्पताल पहुंचाया गया जिस ट्राली से उनकी बाइक टकराई थी।
इत्तेफाकन खैरी-2 की वार्ड संख्या 3 के बार्ड मेंबर जोगिंदर सिंह हादसे के वक्त आसपास मौजूद थे। उनका का कहना है कि घटना स्थल पर कोई आपातकालीन वाहन नहीं पहुंचा था। पुलिस भी घटना होने के काफी देर बाद पहुंची। आसपास मौजूद लोगों ने भी तत्काल प्रभाव से कोई उचित कदम नहीं उठाया। यदि सभी एक साथ प्रयास करते तो महिला की जान को बचाया जा सकता था।
उन्होंने बताया कि मजबूरी में बाद में महिला को उसी ट्राली में कालाअंब के एक निजी अस्पताल में ले गए जिस ट्राली से टकरा कर उनकी जान चली गई।
उधर इस बारे स्थानीय निवासी संजय, श्याम सिंह, राजेश, निर्मल, बसंत कुमार, रोजदीन तथा राम प्रकाश आदि का कहना है कि त्रिलोकपुर मेले के चलते इस सड़क मार्ग पर वाहनों की भारी आवाजाही हो रही है लेकिन यातायात पुलिस की ओर से कोई ठोस तथा विशेष प्रबंध नहीं किए गए हैं। आए दिन यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
उधर, इस मामले में डीएसपी मुख्यालय खजाना राम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच चुकी थी। प्रत्यक्ष दर्शियों ने पुलिस को समय पर सूचित नहीं किया। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों को कड़े आदेश दिए गए हैं।
