
गोहर (मंडी)। निहरी क्षेत्र के अछड़ी में पुलिस को ढांक से नीचे गिरी एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव की शिनाख्त पुलिस ने नरेश कुमार पुत्र आत्मा राम निवासी मताहर (पंडार) के रूप में की है। एसपी आरएस नेगी ने शव मिलने की पुष्टि की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में व्यक्ति की मौत ढांक से पांव फिसलने के कारण खाई में गिरने से हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को नरेश कुमार निहरी के मनाह गांव में किसी पंडित के पास काम से गया था। रविवार रात को घर लौटती बार वह निहरी के अछडी गांव के समीप पैदल रास्ते से जा रहा था कि उसका पांव फिसल गया।खाई में गिरने से उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने खाई में गिरे शव को देखा तो शोर मचाया। ग्रामीण एकत्र हुए और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया। एसपी आरएस नेगी ने बताया कि परिजनों ने नरेश की मौत पर किसी प्रकार का कोई संदेह नहीं जताया है। उन्होंने बताया कि शव के पोस्टमॉर्टम के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
