महंगाई ने फीका किया फलों का स्वाद

नेरचौक (मंडी)। नवरात्रों पर्व पर फलों की डिमांड बढ़ने के साथ ही दाम भी आसमान छू रहे हैं। व्रत पर फलों का स्वाद लेने के लिए लोगों को जेब ढीली करनी पड़ रही है। सेब सौ से दो सौ रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है। वहीं, केला भी 60 रुपये प्रति दर्जन तक पहुंच गया है।
नवरात्र सीजन के चलते फलों के दामों में 20 से 25 रुपये की बढ़ोत्तरी हो गई है। फलों की डिमांड बढ़ने के साथ दाम में उछाल आने से आम आदमी की जेब पर भारी पड़ रही है। फल खरीदते समय दाम सुनकर ही लोगों को एक बार सोचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। नवरात्र पर्व पर अधिकतर लोग व्रत रखते हैं और फलाहार का सेवन करते हैं। इन दिनों बाजार में केला 50 से 60 रुपये दर्जन तक बिक रहा है। वहीं, सेब के दाम भी 100 से 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। अंगूर के दाम पर 70 से 100 रुपये किलो बिक रहा। संतरा 40 रुपये, आम 80 से 100 रुपये तक बिक रहा है। स्थानीय निवासी परमिंद्र कटोच, सत्या ठाकुर, देशराज, संजय, जोग राज, सुनीता ठाकुर, रेणू बाला, शवांशी, शांभवी, गीता आदि का कहना है कि फलों के दामों में काफी उछाल आया है। महंगाई के चलते फलों की खरीददारी करने में एक बार सोचना पड़ता है। उधर फल विक्रेता विनोद, रजनीश, सेवक का कहना है कि नवरात्र में फलों की डिमांड ज्यादा रहती है। मंडी से ही फलों के रेट बढ़ रहे हैं।

Related posts