गैस सिलेंडर में लगी आग, तीन झुलसे

स्वारघाट (बिलासपुर)। स्वारघाट के तहत ग्राम पंचायत री के तिऊन स्थित महाकाली मंदिर में भंडारे के लिए भोजन बनाते वक्त गैस सिलेंडर ने अचानक आग पकड़ ली। आगजनी की इस घटना में तीन लोग बुरी तरह से झुलस गए। तीनों को उपचार के लिए स्वारघाट अस्पताल लाया गया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को नालागढ़ अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार महाकाली मंदिर में श्रद्धालु भंडारा दे रहे थे। इसके लिए भोजन पकाया जा रहा था। अचानक गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली। कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए सिलेंडर को दूर फेंक कर आग पर काबू पा लिया। अन्यथा बड़ी घटना भी हो सकती थी। इस घटना में शुभम पुत्र ज्ञान चंद, रवि कुमार पुत्र शेर सिंह निवासी नालागढ़ व मंजु कुमारी निवासी घुमारवीं आग की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गए।
मंदिर कमेटी के सचिव रमेश कुमार घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मंगलवार होने के कारण दूर-दराज से श्रद्धालु यहां आकर लंगर लगाते हैं। आज भी यहां लंगर तैयार किया जा रहा था कि अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। अचानक घटी इस घटना में झुलसे व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट लाया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आग लगे सिलेंडर को रसोईघर से बाहर फेंक दिया। इससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। आग लगने के कारण रसोई घर में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। पुलिस थाना स्वारघाट के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर राहत व बचाव कार्यों का जायजा लिया। तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एफआरयू नालागढ़ के लिए रेफर किया गया है।

Related posts