
बिलासपुर। पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से अपने वादे के अनुरूप पेंशनर्स को पंजाब की तर्ज पर वित्तीय लाभ जल्द देने की मांग की है। संगठन ने प्रदेश के सभी पेंशनर्स व कर्मचारियाें को 4-9-14 का लाभ वर्ष 2012 से देने संबंधी पूर्व सरकार के निर्णय को रद करके इसे वर्ष 2006 से दिए जाने की मांग भी उठाई है।
मंगलवार को एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष रामानंद शर्मा की अध्यक्षता में विश्वकर्मा मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में कहा गया कि संगठन की मुख्य मांगों में पेंशनर्स को पंजाब की तर्ज पर 65, 70, 75 व 80 वर्ष की आयु पूरी करने पर पेंशन में क्रमश: 5, 10, 15 व 20 फीसदी वृद्धि करना तथा 500 रुपए मासिक चिकित्सा भत्ता देना शामिल हैं। चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए पर्याप्त बजट की व्यवस्था भी की जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पेंशनर्स की परिवेदना समिति की बैठक के आयोजन की मांग को लेकर संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही उपायुक्त से मुलाकात करेगा। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष जेके नड्डा ने संगठन की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। जिला अध्यक्ष रामानंद शर्मा ने पेंशनर्स की मांगें पूरी कराने के लिए संगठन की मजबूती पर बल दिया। बैठक में दौलतराम चौहान, प्रेमलाल, लेखराम शर्मा, ठाकुर दास आजाद, जसवंत चंदेल, हुकम सिंह ठाकुर, कला चंदेल, बलदेव गौतम, जीएल शर्मा, रविंद्र भट्टा, विजय सिंह चंदेल, सोहनलाल, रतन सिंह, केआर रतन, डा. उपेंद्र गौतम, रोशनलाल वर्मा, जीतराम बैंस, ओपी मेहता, नंदलाल राही, सीताराम शर्मा, सुंदर शर्मा, अमरनाथ भारद्वाज, प्रेमलाल मिश्रा व महेंद्र बक्शी आदि ने भाग लिया।
